पटना , मार्च 30 -- सात निश्चय-3 के तहत राज्य में गन्ना आधारित उद्योगों की स्थापना और गन्ना विकास एवं विस्तार के लिए सोमवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर समारोह का आयोजन किया गया।
बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में संयुक्त ईखायुक्त जयप्रकाश नारायण सिंह और एनएफसीएसएफ के प्रबंध निदेशक प्रकाश नायक नावरे ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये।
इस अवसर पर गन्ना उद्योग मंत्री श्री कुमार ने कहा कि यह अवसर बिहार के गन्ना एवं चीनी उद्योग के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि यह समझौता गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार एवं राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लि० (एनएफसीएसएफ), नई दिल्ली के बीच राज्य में गन्ना विकास, क्षेत्र विस्तार एवं चीनी उद्योग के पुनर्जीवन के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि बिहार के किसानों, उद्योग और समग्र अर्थव्यवस्था के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित