पटना , फरवरी 25 -- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ शीघ्र ही बिहार में एक विश्वस्तरीय खेल संवर्धन केंद्र (स्पोर्ट्स इन्क्यूबेशन सेंटर) की स्थापना की जाएगी।

श्री शंकरण ने कहा कि खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, भारतीय प्रद्योगिकी संस्थान (आईईटी) पटना, चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना और भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया के संयुक्त मार्गदर्शन और प्रयास से राज्य में एक अत्याधुनिक विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इन्क्यूबेशन सेंटर खोलने के लिए विशेषज्ञों के साथ ऑनलाइन मीटिंग में विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभा और अवसर की कोई कमी नहीं है और खेल संवर्धन केंद्र के सहयोग से वैज्ञानिक और आधुनिक तरीके से खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रयास से राज्य के खिलाडियों की क्षमता और गुणवत्ता में काफी बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस पहल से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बिहार के खिलाडी उभर कर सामने आयेंगे।

खेल प्राधिकरण के महानिदेशक ने कहा कि खेल संवर्धन केंद्र में खेल की आधारभूत संरचनाओं, खेल उपकरणों, खेल विज्ञान, खेल के क्षेत्र में शोध और विकास तथा खेल उद्यमिता तथा नवाचारों पर विशेषज्ञों की सलाह ले कर उसे प्रभावशाली तरीके से उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बुनियादी स्तर से लेकर उच्च स्तर के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित