पटना , मार्च 30 -- बिहार का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से गति पकड़ रहा है, जहां नए निवेश सीधे तौर पर बुनियादी ढांचे के निर्माण, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों में परिवर्तित हो रहे हैं।
बिहार के उद्योग मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देशानुसार परियोजना स्वीकृति समिति (पीसीसी) के हालिया निर्णय इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जिनके तहत इशिका पेपर एंड पैकेजिंग प्रा0 लि0 की परियोजना को भूमि आवंटन के माध्यम से 38 करोड़ से भी अधिक का निवेश हो रहा है।
उद्योग मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि भोजपुर में इस इकाई का निवेश बिहार के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक परिदृश्य का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि 38 करोड़ से अधिक के इस निवेश से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि पैकेजिंग एवं विनिर्माण क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। बियाडा के माध्यम से त्वरित भूमि आवंटन और अनुमोदन की प्रक्रिया ने राज्य को निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना दिया है।
उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल एवं निवेशक-हितैषी वातावरण विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बियाडा के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी, सरल एवं त्वरित प्रक्रियाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उद्योग स्थापना में तेजी आ रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं राज्य में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों को दर्शाती हैं और बिहार अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश आकर्षित कर रहा है। सरकार का उद्देश्य औद्योगिक विकास के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करना तथा राज्य के समग्र आर्थिक विकास को नई दिशा देना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित