पटना , अक्टूबर 10 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी.राजा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि जनता दल यूनाईटेड (जदयू)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के 20 वर्षों के शासन में बिहार कठिन परिस्थिति से जूझ रहा है और प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है।

श्री राजा ने आज यहां विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पार्टी की राज्य परिषद की बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि जदयू-भाजपा सरकार के 20 वर्षों के शासन में बिहार कठिन परिस्थिति से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से देश में महंगाई बेशुमार बढ़ी है तथा रोजगार के अवसर लगातार घट रहे है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो गया है। इस चुनाव पर पूरे देश की नजर है। उन्होंने भाजपा-जदयू सरकार को बदलकर खुशहाल और समृद्ध बिहार बनाने के लिए इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान किया।

भाकपा महासचिव ने कहा कि उनकी पार्टी भाकपा, इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाकपा, राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-जदयू गठबंधन को पराजित कर खुशहाल तथा समृद्ध बिहार बनाने के लिए इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने के लिये कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि बिहार के भविष्य निर्माण का भी अवसर है।

श्री राजा ने कहा कि बिहार में भाजपा अभी सत्ता में सहयोगी की भूमिका से निकलकर मुख्य भूमिका में आने को आतुर है। यदि ऐसा होता है तो बिहार पर साम्प्रदायिक, फासीवादी विभाजनकारी ताकतों का प्रभुत्व हो जाने का खतरा है, जो बिहार के भविष्य को बर्बाद कर देगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।

श्री राजा ने कहा कि भाकपा की चिन्हित 24 सीटों पर तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि भाकपा ने अपनी 24 सीटों की सूची महागठबंधन के संयोजक तेजस्वी प्रसाद यादव को सौपीं है और दोनों पक्षो के बीच बातचीत जारी है।

बैठक को राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर गिरीश चंद्र शर्मा, राष्ट्रीय सचिव संजय कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जानकी पासवान, राष्ट्रीय परिषद सदस्य अजय कुमार सिंह ने संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित