गया जी , दिसंबर 15 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि बिहार में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और समय के साथ उनके उपर प्रशासन का शिकंजा पहले से ज्यादा कसा जायेगा।

गया जी शहर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि बिहार में किसी भी अपराधी या माफिया को बख्शा नहीं जायेगा और एक भी अपराधी कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहेगा।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने अपने चिर- परिचित अंदाज में कहा कि, 'मेरा काम बिहार के अपराधियों और माफियाओं को उनके किये कुकृत्य के लिये सजा दिलवाना है। उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जायेगा।' उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं सरकारी जमीन पर माफियाओं द्वारा कब्जा किया गया है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परिकल्पना के अनुरूप बिहार में कानून का राज स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने यह भी बताया कि इससे पहले वे कई बार कह चुके हैं कि करीब 400 कुख्यात अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जिनकी अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को अदालत की अनुमति के बाद जब्त किया जायेगा। इसके अलावा 1200 अन्य अपराधियों की एक और सूची भी तैयार की जा रही है, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित