पटना , फरवरी 03 -- बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज ने मंगलवार को बिहार विधान सभा में प्रस्तुत 2026-2027 के बजट का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के चहुंमुखी विकास को बल मिलेगा।

चैंबर अध्यक्ष पी. के.अग्रवाल ने बयान जारी कर कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट 3.17 लाख करोड़ था, जिसे बढ़ाकर वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3.47 लाख करोड़ रुपये किया गया है I सरकार का मुख्य लक्ष्य बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पांच सूत्रों ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान को विकास की धुरी बताकर यह संदेश देने की कोशिश की कि बिहार की राजनीति अब केवल सामाजिक न्याय तक सीमित नहीं, बल्कि आर्थिक समृद्धि और आधुनिक बुनियादी ढांचे की ओर बढ़ रही है ।

श्री अग्रवाल ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर सरकार ने पांच नए एक्सप्रेस-वे, हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज, जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बदलने और सौर ऊर्जा के विस्तार जैसे फैसलों की घोषणा स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि बजट में गरीबों के लिए सस्ता आवास, खेल और पर्यटन सुविधाओं का विकास तथा बुजुर्गों को घर बैठे स्वास्थ्य और संपत्ति पंजीकरण की सुविधा देने की बात भी बजट में शामिल किया गया है । उन्होंने कहा कि चौथे कृषि रोडमैप के जरिए किसानों की आय बढ़ाने, डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन और मखाना उद्योग को प्रोत्साहित करने की घोषणा की गई है । स्थानीय उत्पादों को बाजार देने के लिए हाट-बाजार विकसित करने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित