पटना , फरवरी 03 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बिहार विधानसभा में पेश किए गए बजट को कागजी खानापूर्ति बताते हुए मंगलवार को कहा कि केवल बजट का आकार बढ़ाया गया है, जिसमें संसाधनों के स्रोतों के साथ की गई घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने का कोई स्पष्ट उल्लेख हीं नहीं है।
राजद प्रवक्ता श्री गगन ने बयान जारी कर कहा कि बिहार के बजट में कागजी आंकड़े के माध्यम से लोगों की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को दो लाख रुपए देने का जो वादा किया गया था , वह छल साबित हुआ। आज के बजट में यह साबित हो गया कि वह अनुदान नहीं बल्कि ऋण दिया गया था। इसीलिए उस योजना के नाम पर कोई आवंटन हीं नहीं किया गया है। एक करोड़ नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने की बात कही गई है, पर बजट में इसका कोई ब्लूप्रिंट नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी सम्मान योजना के नाम पर आठ रुपया प्रति दिन देकर किसानों के साथ हीं जननायक कर्पूरी ठाकुर का भी अपमान किया जा रहा है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि प्री-बजट मीटिंग में केन्द्र सरकार ने बिहार सरकार की मांगों को ठुकरा दिया है और इससे प्रदेश में गंभीर आर्थिक संकट की आशंका है। उन्होंने कहा कि आज के बजट में जो भी घोषणाएं की गई है वह सब दिखावटी और बनावटी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित