पटना, मार्च 20 -- बिहार परिवहन विभाग चालू वित्तीय वर्ष (2025-26) में निर्धारित राजस्व संग्रहण लक्ष्य को समय से पहले हासिल करने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने राज्य के सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों (डीटीओ) को निर्देश देते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रह करने पर जोर दिया है।

सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल राजस्व लक्ष्य चार हजार 70 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि अबतक तीन हजार 850 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया जा चुका है।

सचिव ने डीटीओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वाहन पंजीकरण, परमिट जारी करना, टैक्स वसूली, चालान कटौती, फिटनेस प्रमाण-पत्र आदि सभी मदों से राजस्व संग्रह में तेजी लाई जाए, जिससे विभाग उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज करा सके।विभाग ने दो सप्ताह विभिन्न जिलों के 30 से अधिक अधिकारियों से राजस्व लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने के कारण स्पष्टीकरण मांगा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित