, March 14 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बेगूसराय औद्योगिक क्षेत्र स्थित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केम्प्टी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड, मेडिवर्सल सिमरन, मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बेगूसराय एवं ऋषभराज (कूलप्लस प्लाटोवेयर) का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन तथा एपिक एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का शिलान्यास किया। इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर, बेगूसराय में स्थापित नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया।
श्री कुमार ने उद्घाटन के बाद नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का निरीक्षण कर वहां प्रोडक्शन किए जा रहे सामग्रियों के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने कहा कि सरकार पूरे बिहार में औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा देने में लगी हुयी है। उन्होंने कहा कि हर जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। इस प्रकार के नए उद्योग स्थापित होने से लोगों को रोजगार मिलेगा तथा इससे आसपास के इलाकों का भी काफी विकास होगा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बेगूसराय के बियाडा प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अवलोकन के क्रम में 9715 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंकों से ऋण के तहत 578 करोड़ 9 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति का निबंधन प्रमाण पत्र, 13 दीदी अधिकार केंद्र की चाभी, सतत् जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाभी, 405 जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों के लिये जीविकोपार्जन निवेश निधि के तहत दो करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित