, March 24 -- श्री कुमार ने जंगल सफारी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, कैमूर में भ्रमण के लिये चार पर्यटकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
इन योजनाओं में कैमूर में मोहनिया, अधौरा, चैनपुर, चांद, भगवानपुर, रामपुर, कुदरा एवं नुआंव समेत कुल आठ प्रखंडों में नये प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, कैमूर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, अधौरा में डिग्री कॉलेज का निर्माण, बगही कुराड़ी लिंक नहर योजना का पुनर्स्थापन कार्य, सोन-कोहिरा लिंक सिंचाई योजना, कैमूर में प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य, जमानियां से ककरैत गंगाजल उद्वह सिंचाई योजना, अधौरा पहाड़ स्थित पर्यटन स्थल करकटगढ़, तेल्हाड़ कुंड एवं वंशीखोह में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास, मोहनिया डडवां बाइपास पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य आदि शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं। इन सभी योजनाओं के पूरा हो जाने के बाद इलाके का और अधिक विकास होगा।उन्होंने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र, नौघरा का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र नौघरा में पढ़ रहे बच्चों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि एवं कैमूर जिला के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमां खान, विधायक भरत बिंद, संगीता कुमारी, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश, कैमूर के जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हरी मोहन शुक्ला सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित