, March 10 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने सुपौल जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की प्रगति के संबंध में प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इनमें पश्चिमी तटबंध प्रमंडल निर्मली, सुपौल अन्तर्गत सिकरहट्टा-मझारी निम्न बाँध, डगमरा मार्जिनल बाँध, निर्मली घेरा बाँध की मरम्मति एवं सड़क निर्माण कार्य, छातापुर एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड में सुरसर नदी के चैनेलाइजेशन एवं क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मति का कार्य, वीरपुर अनुमंडल मुख्यालय में निबंधन कार्यालय की स्थापना, सुपौल स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्गीकरण का कार्य, बाबा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्गीकरण तथा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर से सुखपुर बाजार तक सड़क का चौड़ीकरण, सिमराही बाजार में एनएच-27 के जंक्शन प्वाईंट पर फ्लाईओवर का निर्माण, त्रिवेणीगंज बाजार के बाईपास का निर्माण, पिपरा बजार के बाईपास का निर्माण, सुपौल में नये बस स्टैण्ड का निर्माण कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि निर्मली रिंग बांध का जीर्णोद्धार अच्छे ढंग से करा दिया गया है। इस काम को पूर्ण हो जाने से निर्मली शहर सुरक्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि निर्मली शहर प्रतिवर्ष बरसात के मौसम में जलमग्न हो जाता था। रिंग बांध का जीर्णोद्धार हो जाने से अब स्थानीय लोगों को इस समस्या से निजात मिलेगी। उन्होने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यहां निर्माणाधीन विकास कार्यों को ठीक ढंग से निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण कराएं।
श्री कुमार ने निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार, सामाजिक सुरक्षा (संशोधित) योजना 2024 के तहत 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल की चाबी, बिहार लघु उद्यमी योजना (वर्ष 2024-25) के अंतर्गत 705 लाभुकों को प्रथम किस्त के तहत तीन करोड़ 52 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, सिलाई सह प्रशिक्षण केंद्र, प्रतापगंज की चाबी, 16058 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 186 करोड़ 58 लाख 21 हजार 311 रुपये का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, कोशी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, कोशी प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक कुमार आशीष, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आर.एस. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित