, March 28 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बांस घाट स्थित नये मुक्ति धाम परिसर का निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगभग साढ़े चार एकड़ भूमि में बांसघाट शवदाह गृह का नवीनीकरण कार्य कराया गया है। यहां दाह संस्कार की सुविधाओं के साथ-साथ नागरिक तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक सुविधायें उपलब्ध हैं।

श्री कुमार ने बांस घाट स्थित पुराने शवदाह गृह परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इसे बेहतर ढंग से बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जो नया मुक्ति धाम बना है उसके साथ-साथ इस पुराने शवदाह गृह परिसर में भी सारी सुविधायें उपलब्ध करायें।

श्री कुमार ने गांधी मैदान के निकट बनाये जा रहे हाट के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट घाट तक निर्माण कराये जा रहे सैरगाह का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्री कुमार को मैप के माध्यम से बताया कि सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट घाट तक सैरगाह की सुविधा होगी, जिसमें यहां आनेवाले लोगों के लिये पैदल पथ, स्ट्रीट लाइट, सिटिंग एरिया, छतरीनुमा स्तंभ सहित अन्य सुविधायें उपलब्ध होंगी।

श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें, जिससे शहरवासियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सभ्यता द्वार बहुत अच्छा बना है। लोग यहां आते हैं और पर्यटकीय सुविधाओं का आनंद उठाने के साथ-साथ बिहार के गौरवशाली अतीत को भी जानते समझते हैं। उन्होंने कहा कि सभ्यता द्वार से सैरगाह के जुड़ जाने से लोग इसका और अच्छे ढंग से आनंद उठा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित