, March 17 -- श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा। उन्होंने कहा कि यहां सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी जिन पर काम चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जायेगा। इनमें फतेहपुर चेकडैम का निर्माण, नवगछिया अनुमंडल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, भागलपुर जिले में कैंसर के इलाज हेतु कैंसर संस्थान की स्थापना, सुल्तानगंज भागलपुर जिलान्तर्गत अवस्थित ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य, गोराडीह प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरपुर माछीपुर में अन्तर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा, भागलपुर गोराडीह मार्ग पर भागलपुर बौंसी रेलवे लाइन पहुंच पथ सहित आरओबी का निर्माण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच भागलपुर जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की चार लाख 55 हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। भागलपुर में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए शेष 159 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा 238 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 16 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी।

श्री कुमार ने कहा कि सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा भागलपुर सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा। यहां खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित