, March 20 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि औरंगाबाद में पेयजल की समस्या को ध्यान में रखते हुए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में आठ योजनाओं की स्वीकृति दी गयी जिन पर काम चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं में देव नगर पंचायत में रिंग रोड का निर्माण, विशुनपुर कैनाल का निर्माण, राष्ट्रीय उच्च पथ पर ट्रामा सेंटर का निर्माण, औरंगाबाद शहर में अदरी नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट का कार्य, मदनपुर प्रखंड के चांद बिगहा ग्राम में केशहर नदी पर चेकडैम का निर्माण, नगर पंचायत देव में अवस्थित सूर्य मंदिर के समीप सूर्य कुंड एवं रूद्र कुंड परिसर से एच०एच०- 101 तक ग्रीनफील्ड संपर्क पथ का निर्माण, औरंगाबाद जिले के मदनपुर, औरंगाबाद, नवीनगर, हसपुरा, गोह, ओबरा एवं दाउदनगर सहित कुल सात प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण, औरंगाबाद में नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य आदि शामिल है।

श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच औरंगाबाद में अनेक काम कराये जायेंगे। रोजगार के लिए जिले की तीन लाख 51 हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए शेष 752 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 202 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 11 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा औरंगाबाद सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा। यहां खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित