पटना , मार्च 22 -- िहार दिवस 2026 के भव्य राजकीय समारोह के अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के स्टॉल का उद्घाटन विभागीय मंत्री संजय सिंह (टाइगर) एवं विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर ने किया। इस अवसर पर बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हेमंत कुमार सिंह एवं मिशन निदेशक मनीष शंकर सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विभाग के स्टॉल पर युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं रोजगार से जुड़ी पहल की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। यह पहल प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक पहुंचकर विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं।

विभाग की ओर सें लगाए गए स्टॉल में मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना, आधुनिक एआई तकनीक तथा टाटा टेक द्वारा प्रस्तुत रोबोटिक्स मॉडल लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।

आगंतुकों को यह बताया जा रहा है कि किस प्रकार नई तकनीक के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार कर सकें। स्टॉल पर युवाओं के लिए कैरियर से जुड़ी जानकारी, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम और रोजगार के अवसरों से संबंधित परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता भी युवाओं के बीच खासा उत्साह पैदा कर रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं, तकनीक और कौशल विकास से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। विजेताओं को सम्मानित भी किया जा रहा है, जिससे युवाओं में सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

स्टाल के उद्घाटन के दौरान सचिव डॉ. कौशल किशोर ने प्रदेशवासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग राज्य के युवाओं और महिलाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने कौशल के दम पर सफलता हासिल कर सकें। मौके पर बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हेमंत कुमार सिंह, मिशन निदेशक मनीष शंकर समेत अन्य विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित