, May 5 -- एडीजी अमित जैन ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के पास छेड़खानी या महिलाओं के साथ बदमाशी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभया ब्रिगेड का गठन सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में किया गया है। इसके जरिए जनवरी से मार्च तक 405 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि 11 मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि ब्रिगेड में कार्यरत महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों में गतिशीलता लाने के लिए इन्हें स्कूटी प्रदान की जा रही है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद ऐसी 1500 स्कूटी खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है।
एडीजी (कमजोर वर्ग) श्री जैन ने कहा कि राज्य में मानव व्यापार के खिलाफ 01 से 30 अप्रैल तक नया सवेरा-2.0 अभियान चलाया गया। इस दौरान 46 नाबालिग बच्चों (20 बच्चियां और 26 बच्चे) समेत 94 पीड़ितों को मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि दो मानव तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इसी तरह बालश्रम के मामलों में 61 कांड दर्ज किए गए, जिसमें 190 बच्चों और तीन बच्चियों को मुक्त कराया गया। लैंगिक अपराध और ऑर्केस्ट्रा या डांस ग्रुप के मामले में 20 कांड दर्ज किए गए, जिसमें 92 नाबालिग बच्चियों और एक नाबालिक बच्चे समेत 140 पीड़ितों को मुक्त कराया गया। 35 महिलाओं समेत 114 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह नया सवेरा अभियान के दूसरे चरण में 427 पीड़ितों को राज्यभर से मुक्त कराया गया है और 116 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मुक्त कराए गए पीड़ितों में पश्चिम बंगाल के 28, हरियाणा के 2, झारखंड के 2, उत्तरप्रदेश के 6, छत्तीसगढ़ के 1, उड़ीसा के 3 और नेपाल के 1 शामिल हैं।
एडीजी ने कहा कि अभियान के दौरान सर्वाधिक गिरफ्तारी करने वाले टॉप दो जिलों रोहतास और अररिया को पुरस्कृत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित