, March 8 -- जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने कहा कि दीदी अधिकार केंद्र और दीदी की आवाज़ केंद्र मिलकर एक मजबूत संस्थागत तंत्र का निर्माण करेंगे, जिसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं को सुनना, उनका दस्तावेजीकरण करना और संबंधित संस्थानों तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करना संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल जेंडर मेनस्ट्रीमिंग को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जीविका की सामुदाय आधारित संस्थाएं, विशेष रूप से संकुल स्तरीय संघ, ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि संकुल संघ केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के एक सशक्त मंच के रूप में भी उभर रही हैं। संकुल संघ के माध्यम से समुदाय में बाल विवाह और दहेज जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा पंचायत स्तर पर महिलाओं के अधिकारों को लेकर संवाद आयोजित किए जा रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि दीदी अधिकार केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को कानूनी सलाह, घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में सहायता तथा प्रशासन और पुलिस से समन्वय कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही जीविका महिलाओं को आजीविका और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक उद्यमों को बढ़ावा दे रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि जीविका के माध्यम से युवा महिलाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण, सुरक्षित रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सामाजिक मानदंडों में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सामुदायिक संस्थाओं की शक्ति का और अधिक प्रभावी उपयोग किया जाएगा तथा महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।
जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि बिहार के समावेशी विकास का आधार है। जब महिलाएँ संगठित और सशक्त होती हैं तो वे परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था तीनों को बदलने की क्षमता रखती हैं। इसी क्रम में 'दीदी की आवाज़ केंद्र' राज्य स्तर पर एक ऐसी सहायता प्रणाली विकसित करेगा, जो हर महिला की आवाज़ को सुनेगा, उनकी शिकायतों की निगरानी करेगा और समाधान सुनिश्चित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित