पटना , फरवरी 04 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े ने बुधवार को कहा कि बिहार में विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 29 मार्च तक पूरी हो जाएगी।
श्री हेगड़े ने आज बिहार इकाई के निर्धारित संगठनात्मक चुनाव के लिए पार्टी के पटना कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार उर्फ मुन्ना के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में संगठनात्मक चुनाव से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
श्री हेगड़े ने बैठक के बाद बयान जारी कर कहा कि संगठनात्मक चुनाव किसी भी दल के आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत रखने की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आवश्यक प्रक्रिया होती है। उन्होंने कहा कि जदयू प्रत्येक तीन वर्ष में के अंतराल पर संगठनात्मक चुनाव कराती रही है और वर्तमान में विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
जदयू के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पार्टी के निर्वाचन पदाधिकारी निर्वाचन आयोग के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय स्थापित इस प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत आगामी 29 मार्च तक संगठनात्मक चुनाव सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित