नयी दिल्ली , नवंबर 14 -- बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत पर पक्ष और विपक्ष की तरफ से नेताओं के मिश्रित बयान आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजग की इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव परिणाम पर अपने एक्स पोस्ट पर कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के के सुशासन और विकास के संकल्प पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश यह स्पष्ट करता है कि बिहार ने जातिवाद, जंगलराज और अराजकता की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है। यह प्रचंड जनादेश एक सुरक्षित, विकसित और प्रगतिशील बिहार के सपनों की जीत है। जनता ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और नकारात्मक राजनीति के 'लालटेन युग' की समाप्ति का स्पष्ट संदेश दिया है और विकसित बिहार - विकसित भारत के संकल्प को और अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ाने की शक्ति दी है। एनडीए गठबंधन को अपना पुनः आशीर्वाद देने के लिए बिहार की जनता का आभार।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में सुशासन और विकास की महाविजय हुई है। यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बिहार की जनता की श्रद्धा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विश्वास का प्रकटीकरण है। चाहे युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की बात हो, चाहे आधी आबादी को पूरा न्याय दिलाने का संकल्प हो, या फिर हमारे अन्नदाताओं भाई-बहनों की आय बढ़ाने का मुद्दा हो, एनडीए की सरकार हर कसौटी पर खरी उतरी है। उन्होंने कहा, "मैं बिहार की देवतुल्य जनता को प्रणाम करता हूं, जिसने बेहतर भविष्य और विकसित बिहार के लिये राजग को अपना भरपूर समर्थन दिया है। इस जीत से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी। सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिहार में राजग की प्रचंड जीत पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अब तक विकास करता आया है, अब यह और भी प्रगति का मार्ग तय करेगा।
भाजपा सांसद एवं गायक मनोज तिवारी ने कहा कि राजग की जीत का कारण एक मात्र मोदी-नीतीश में बिहार की जनता का विश्वास है। उन्होंने कुछ इन शब्दों को बयां करते हुये कहा कि यह जीत है विश्वास की, मोदी नीतीश से आस की, जो बुझी है उस विशेष प्यास की, ये जीत है बिहारियों के अरदास की।
वरिष्ठ भाजपा नेता शहनवाज़ हुसैन ने कहा की बिहार के लोगों के विश्वास पर राजग को वोट कर ऐतिहासिक जीत दिलाने का काम किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर राजग गठबंधन 'हम' पार्टी के प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सभी को बधाई देते हुये कहा कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
भाजपा नेता एवं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राजग की प्रचंड जीत पर कहा कि जिसका अनुमान था, वही अब नतीजों में बदल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने डबल इंजन की सरकार पर जो भरोसा जताया है, वह देश को नई दिशा देगा।
बिहार में राजग की जीत पर क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा ने कहा, "जिस तरह से राजग ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है, उससे लोगों ने पीएम मोदी में अपना विश्वास जताया है।
बिहार चुनाव में राजग की ऐतिहासिक जीत और महागठबंधन की हार पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, यह जनता का फैसला है और हमे इसे स्वीकार करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित