, April 11 -- गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना के तहत जिन क्षेत्रों में चीनी मिल नहीं है, वहां गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए गन्ना उद्योग विभाग किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध करा रहा है। इस योजना के अंतर्गत न्यूनतम 0.25 एकड़ से लेकर अधिकतम पांच एकड़ तक खेती करने वाले किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज दिया जा रहा है। इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार किसानों से संपर्क कर रहे हैं।

विभाग के अनुसार, गन्ने की खेती से किसानों की आय में वृद्धि होगी। एक बार गन्ने की बुआई करने के बाद इसे तीन बार तक काटा जा सकता है। गन्ने से गुड़ का उत्पादन कर अतिरिक्त आय प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, गन्ने के जूस की मांग में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस संबंध में ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने बताया कि राज्य में गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जिससे किसान पुनः बड़े पैमाने पर गन्ना खेती कर सकें। गैर चीनी मिल क्षेत्रों में किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित