पटना , मार्च 19 -- बिहार में औद्योगिक निवेश को गति देने और राज्य को उद्योग जगत में एक अग्रणी पहचान दिलाने के उद्देश्य से गुरूवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में 'उद्योग वार्ता' का आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कुल 11 प्रमुख निवेशकों ने भाग लिया। मुख्य सचिव श्री अमृत ने सभी निवेशकों के व्यावसायिक प्रस्तावों को विस्तार से सुना और बिहार में उद्योग स्थापित करने की दिशा में आ रही जमीनी बाधाओं को दूर करने पर गहन चर्चा की।
मुख्य सचिव श्री अमृत ने सभी संबंधित विभागों के प्रधान सचिवों एवं सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि निवेशकों को हर संभव और त्वरित सहयोग प्रदान किया जाये।
उद्योग वार्ता के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और परिवहन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश और विकास से जुड़े प्रस्ताव आये।
इस वार्ता में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और गन्ना आयुक्त अनिल कुमार झा भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित