पटना , जनवरी 12 -- िहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि बिहार में युवा आबादी देश में सबसे ज्यादा है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
श्री चौधरी ने आज स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित आध्यात्मिक दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज भी बिहार की 50 प्रतिशत से अधिक आबादी 45 वर्ष से कम उम्र की है। उन्होंने कहा कि बिहार वही प्रदेश है, जिसने इतिहास में मगध की स्थापना कर देश को स्वर्ण युग दिया और आज भी देश उसे याद कर गौरवांवित होता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की युवा शक्ति ने हर दौर में भारत को खड़ा किया है।चाहे वह मगध का गौरवशाली इतिहास हो, लोकतंत्र की जननी बनने का गौरव हो या आज़ादी के बाद छात्रों के सबसे बड़े आंदोलन की बात हो। इसी धरती से लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया था।
श्री चौधरी ने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका बचपन का नाम नरेंद्र था और उन्होंने 21वीं सदी में भारत के फिर से विश्वगुरु बनने की भविष्यवाणी की थी। तब उन्होंने यह कल्पना नहीं की गई होगी कि 21वीं सदी में भारत को श्रेष्ठता की ओर ले जाने वाला नेतृत्व भी नरेंद्र मोदी नाम का ही व्यक्ति कर रहा होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पुलिस बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के अपना काम कर रही है। अपराधी रूपी कचरे की सफाई हो रही है व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस के कार्य में जहां हस्तक्षेप होता है वहीं व्यवस्था बिगड़ती है। इसलिए सबका दायित्व है कि सब अपना-अपना काम करें।
श्री चौधरी ने बिहार के आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे पहली बार सदन में आए थे, तब बिहार का बजट मात्र 6 हजार करोड़ रुपये था। उस समय बिहार की 87 प्रतिशत आय झारखंड से आती थी और केवल 13 प्रतिशत आय अपनी थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आज बिहार पूरी तरह बदल चुका है। वर्तमान में राज्य का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है।
श्री चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार ने हर परिवार को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दे रही है। वहीं रोजगार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है और अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।इसके लिए युवा कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है, ताकि बिहार का युवा कुशल और आत्मनिर्भर बने और मजबूरी में पलायन न करे। उन्होंने कहा कि आज बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, मरीन ड्राइव, बिजली भंडारण, पावर स्टोरेज और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में तेज़ी से काम हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का गौरव नालंदा को फिर से स्थापित किया गया है और अब अगला लक्ष्य विक्रमशिला विश्वविद्यालय है, जिसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार आगे बढ़ रहा है, समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। बिहार का भविष्य हमारे युवा हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित