पटना , अप्रैल 14 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और इसके साथ ही प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में संभावित नई सरकार का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज बिहार के राज्यपाल सैयद अता हुसैन को अपना इस्तीफा सौंपा। श्री कुमार के साथ आज दोपहर बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लोकभवन गए थे। इससे पहले श्री कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने अंतिम सार्वजनिक कार्यक्रम में संविधान के निर्माता बाबा साहब अम्बेडकर जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

इससे पहले श्री कुमार ने मुख्य सचिवालय भवन में आज सुबह आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक को संबोधित करते हुए अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए सभी मंत्रियों और अधिकारियों को धन्यवाद दिया था।

श्री कुमार के इस्तीफे के बाद आज ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों की अलग-अलग विधायक दल की बैठक हो रही है, जिसमे सभी दलों के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संयुक्त विधायक दल की बैठक में गठबंधन के नेता का चुनाव किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार के पद छोड़ने के साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित