दुमका , दिसम्बर 17 -- झारखंड में दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र में बीते दिन गोली मारकर एक युवक की हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने बुधवार संवाददाताओं को बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दो दिन के भीतर मामले का उद्भेदन करने के साथ घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, जिंदा गोली और वाहन भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि बीते 15 दिसम्बर को तालझारी थाना क्षेत्र के सकरी बांध के समीप एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। युवक की पहचान नहीं होने के कारण स्थानीय चौंकीदार विष्णु राय के फर्दबयान पर तालझारी थाना में बीएनएस की धारा-103(1),238 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 57/2025 दर्ज की गयी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कच्छप के नेतृत्व में टीम गठित कर अनुसंधान शुरू की गयी। इसी क्रम में टीम द्वारा मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के जरुवाडीह गांव निवासी अरूण यादव के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार यादव उर्फ विक्की के नाम से की गयी, जिसे रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद के कारण अगुआ कर गोली मार कर हत्या कर दी गयी और तालझारी थाना क्षेत्र के सकरा बांध के पास फेंक दिया गया था।
श्री कच्छप ने बताया कि टीम ने छानबीन के क्रम में एकत्र सूचना के आधार पर छापामारी कर मामले में संलिप्त देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाबुपुर गांव के रहनेवाले चन्द्रकान्त कुमार यादव, दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी धीरज कुमार, अमघट्टा गांव के नितेश कुमार उर्फ विड्डू और पतसर गांव निवासी अरविन्द कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी चन्द्रकांत यादव की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिस्तौल,एक जिंदा गोली एवं बिना नम्बर प्लेट के सफेद रंग का टाटा पंच कार के साथ चारों के पास से मोबाईल फोन और मृतक का आधार कार्ड, पेन कार्ड एवं दो एटीएम कार्ड भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये सघन छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम में हंसडीहा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक विष्णुदेव पासवान, तालझारी के थाना प्रभारीपुअनि अजित कुमार यादव, सरैयाहाट के थाना प्रभारी पुअनि राजेन्द्र यादव, टिकवानन्द भगत,अनुसंधानकर्ता अक्षय कुमार, आरक्षी गौरव पाठक सहित तालझारी थाना के रिजर्व गार्ड के जवान भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित