मोतिहारी , अप्रैल 05 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के एक मदरसे से रविवार को पिस्तौल और गोलियां बरामद करने के साथ पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

पूर्वी चंपारण की पुलिस ने चकिया थाना क्षेत्र के गवन्द्रा मदरसा से आज एक पिस्तौल और गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने मदरसा के मौलाना, केयर टेकर और सफाईकर्मी को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

पुलिस को आशंका है कि इस मदरसे से हथियारों का कारोबार होता है। इस कारण एफएसएल की टीम के साथ डॉग स्क्वायड को जांच के लिए लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि 19 जुलाई 2023 को इसी मदरसे से प्रतिबंधित संस्था पोपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएफआई) के मास्टर ट्रेनर सुल्तान उर्फ उस्मान उर्फ याकूब को कानून विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह चकिया के ही इमादपट्टी का निवासी है।

इस मामले में पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने हथियार बरामदगी और तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि मदरसा से हथियारों का कारोबार किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस की तरफ से कार्रवाई की गई। इस सूचना के बाद चकिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है। जांच टीम, मदरसा में लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित