पटना , मार्च 21 -- बिहार के होनहार युवा एथलीट पियूष राज ने केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित ऑल इंडिया ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के (अंडर-20) वर्ग 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार का नाम पूरे देश में रोशन किया और अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए अपनी जगह भी पक्की कर ली है।

बिहार के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण था, जब पियूष राज ने यह दूरी मात्र 47.1 सेकंड में पूरी कर यह उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।

महान धावक शिवनाथ सिंह के बाद पियूष राज बिहार के पहले एथलीट हैं, जिन्होंने अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की है। यह बिहार की खेल प्रतिभा के लिए एक नई उड़ान का प्रतीक है।

भारतीय एथलेटिक्स के मुख्य कोच श्री राधाकृष्णन ने स्वयं बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को फोन कर इस उपलब्धि की जानकारी दी और सूचित किया कि पियूष राज को 400 मीटर दौड़ के लिए एशिया कप और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप दोनों प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। यह चयन बिहार के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर है।

पिछले तीन वर्षों से पियूष राज हैदराबाद में बिहार सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन आज इस स्वर्णिम सफलता के रूप में सामने आया है।

बिहार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने पियूष राज को बधाई देते हुए कहा कि "पियूष राज की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे बिहार की जीत है। स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के बाद पहली बार बिहार से किसी एथलीट का अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन होना प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, और पियूष राज इसी नीति का जीता-जागता प्रमाण हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित