पटना, दिसंबर 20 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य कमर आलम ने नुसरत परवीन के हिजाब से जुड़े मामले पर कहा कि बिहार की जनता जानती है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिलाओं का कितना सम्मान करते हैं और उनका नाम सांप्रदायिक और विवादस्पद विषयों से जोड़ना ठीक नही है।
श्री आलम ने जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि कुछ लोग एक संवेदनशील विषय को राजनीतिक लाभ का साधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें सच्चाई समझने में कोई रूचि नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्य्मंत्री श्री कुमार ने बिहार में सड़क, बिजली और कानून व्यवस्था ठीक करने के साथ जनता को भरोसे और इंसानियत की तालीम दी है और समाज के वंचितों को बराबरी का दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने बिहार में बेटियों को एक सुरक्षित, स्वाभिमानी और बेख़ौफ़ जिंदगी जीना सिखाया है और यही श्री कुमार के शासन की नैतिक पहचान है।उन्होंने कहा कि जो लोग नुसरत मामले को हवा दे कर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं उनकी मनसा और महिलाओं तथा मुसलमानों के लिए झूठी चिंता किसी से छुपी नहीं है।
जदयू के नेता ने कहा कि 20 दिसंबर 2025 से नुसरत परवीन पुनः अपनी ड्यूटी पर लौट रही हैं और कॉलेज प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि वह और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित, संतुष्ट और मानसिक रूप से शांत हैं।
श्री आलम ने कहा कि श्री कुमार के साथ अनगिनत माँ-बाप की दुआएँ हैं और विपक्ष को इस मामले में अपना मुंह बंद रखना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित