पटना , मार्च 16 -- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए सोमवार को कहा कि बिहार का यह परिणाम आगामी पांच राज्यों में होने वाले चुनावों से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की र्जीत की आहट है।
श्री नवीन ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार के लोग राजग के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार हैं। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि अब बिहार के विकास के लिए उच्च सदन में आवाज गूंजेगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि बिहार के लोगों को केंद्र से जो उम्मीद है, वह पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राजग पूरी मजबूती से प्रदेश के लोगों के साथ है। उन्होंने कहा कि अब तक उन्हें विधानसभा में अपनी बात रखने का मौका मिला था और यहां की समस्याओं को उच्च सदन में रखूंगा। उन्होंने कहा कि यह जीत न केवल हमारी एकजुटता का परिणाम है, बल्कि यह पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के पहले की राजग की जीत की आहट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित