नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2024 के बिहार अवैध हथियार तस्करी मामले में बुधवार को एक और आरोपी के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है।
पटना स्थित एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल आरोपपत्र में मुजफ्फरपुर निवासी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत को भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत नामजद किया गया है।
इस मामले की शुरुआत बिहार पुलिस द्वारा एक एके-47 राइफल और उससे जुड़ा लेंस बरामद किए जाने के बाद हुई थी। एनआईए के अनुसार, कुंदन कुमार को नवंबर 2025 में गिरफ्तार किया गया था और जांच में सामने आया कि वह नागालैंड से प्रतिबंधित बोर के हथियारों की अवैध खरीद और तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल था।
जांच में यह भी पाया गया कि इन हथियारों की आपूर्ति बिहार में नक्सलियों और अन्य अपराधियों को की जा रही थी, जो कुंदन कुमार और अन्य आरोपियों की साजिश का हिस्सा था। इससे पहले एनआईए ने मई 2025 में विकास कुमार, देवमणि राय, सत्यम कुमार और अहमद अंसारी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जबकि पांचवें आरोपी मंजूर खान के खिलाफ फरवरी 2026 में आरोप पत्र दायर किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित