पटना , दिसंबर 20 -- बिहार पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने शनिवार को कहा कि बिहटा दानापुर एलिवेटेड पथ परियोजना पटना क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगी तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगी।
श्री पाल ने आज निर्माणाधीन बिहटा दानापुर एलिवेटेड पथ परियोजना के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना को समय से पूरा करने के निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान उन्हें प्रोजेक्ट की प्रगति, निर्माण की स्थिति और तकनीकी चुनौतियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। अभियंताओं ने अवगत कराया कि बिहटा दानापुर एलिवेटेड सड़क परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
सचिव श्री पाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी बाधा हो उसे तुरंत दूर किया जाए और परियोजना के निर्माण कार्य की गति तेज रखी जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता सूची में शामिल है। उन्होंने एजेंसी के पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और कहा कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। एजेंसी ने आश्वासन दिया कि इस परियोजना को पहले से निर्धारित समय सीमा सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जायेगा।
सचिव श्री पाल ने कहा कि इस एलिवेटेड रोड के बन जाने से पटना-बिहटा एयरपोर्ट कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल जाएगी, इसलिए गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से कोईलवर से दानापुर तक यातायात सुगम होगा और सुचारु रूप से वाहनों का परिचालन होने से समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आईआईटी पटना के आवागमन को भी सुगमता प्रदान करेगी। साथ ही, आरा, दानापुर रेलवे स्टेशन से फुलवारी शरीफ, अनिसाबाद सहित पटना शहर की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
श्री पाल ने बताया कि बिहटा दानापुर एलिवेटेड पथ परियोजना की लंबाई लगभग 25 किलोमीटर है, जो दानापुर रेलवे स्टेशन से शुरु होकर कोईलवर ब्रिज को संपर्कता प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की लागत 1969.39 करोड़ रुपये है। यह निर्माणाधीन एलिवेटेड पथ फोरलेन होगा, जिसमें चार बाईपास (नेऊरागंज, पैनाल, कन्हौली और विशुनपुरा) होंगे। यह पटना-बक्सर फोरलेन सड़क का अहम हिस्सा है।उन्होंने कहा कि यह परियोजना पटना क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगी तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित