मॉस्को , फरवरी 16 -- रूसी डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ) के प्रमुख किरिल दिमित्रिएव ने आरोप लगाया है कि अमेरिकी अरबपति बिल गेट्स के फाउंडेशन ने निम्नस्तरीय टीकों को बढ़ावा दिया और बेहतर टीकों के इस्तेमाल में बाधा डाली थी।

श्री दिमित्रिएव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह टिप्पणी करते हुए दावा किया कि गेट्स फाउंडेशन ने फंडिंग, अनुमोदन, सरकारी समर्थन और मीडिया प्रभाव के जरिए वैश्विक स्तर पर टीकों पर व्यापक नियंत्रण स्थापित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को "भ्रमित" किया गया और बेहतर टीकों को अपनाने से रोका गया। उन्होंने फाइनेंसियल टाइम्स की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें श्री गेट्स के दिवंगत वित्तीय कारोबारी और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से कथित संबंधों का उल्लेख था।

उल्लेखनीय है कि श्री दिमित्रिएव ने रूसी कोविड-19 वैक्सीन स्पूतनिक वी के विपणन प्रयासों का नेतृत्व किया था। उन्होंने एपस्टीन मामले में प्रकाशित सामग्रियों के बाद श्री गेट्स की वैक्सीन संबंधी गतिविधियों की जांच की मांग भी की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित