नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- गेट्स फाउंडेशन इंडिया ने कहा है कि अमेरिकी व्यापार दिग्गज बिल गेट्स यहां चल रहे एआई इंपैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे।
फाउंडेशन के इस ऐलान से उन खबरों पर विराम लग गया है जिनमें कहा गया था कि श्री गेट्स इस सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। फाउंडेशन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया कि वह सम्मेलन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपना मुख्य भाषण देंगे।
फाउंडेशन ने अपनी पोस्ट में कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में एक वैश्विक अग्रणी देश है, जिसके पास दुनिया के सबसे बड़े प्रतिभाशाली विशेषज्ञों का समूह है। विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से इसे अपनाने और बड़े पैमाने पर नवाचार की शक्ति भारत के पास है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एआई विकसित भारत के दृष्टिकोण का केंद्र बन गई है, जो समावेशी विकास और जिम्मेदार नवाचार को बढ़ावा दे रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा गया है कि सरकार, स्टार्टअप, शिक्षाविदों और उद्योग को एक साथ लाने वाला भारत का विशिष्ट सार्वजनिक-निजी मॉडल यह साबित कर रहा है कि यह एआई मेधा का निर्माण जनहित, समावेश और पूरे विश्व के लिए किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित