बिलासपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केंवट हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर सोमवार को 290.8 एकड़ सैन्य भूमि जिला प्रशासन को सौंप दी गई। इस जमीन के हस्तांतरण के साथ ही हवाईअड्डा विस्तार और 4सी श्रेणी में उन्नयन का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है।

यह भूमि भारतीय सेना और रक्षा संपदा कार्यालय (डीईओ) जबलपुर के अधिकारियों द्वारा औपचारिक प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन को सौंपी गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल की मौजूदगी में सभी आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए और जमीन का विधिवत हस्तांतरण पूरा किया गया।

इस नए विकास के बाद हवाईअड्डे के लिए कुल उपलब्ध भूमि बढ़कर 646.8 एकड़ हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह क्षेत्रफल एयरपोर्ट के बड़े पैमाने पर विस्तार के लिए पर्याप्त माना जा रहा है।

अतिरिक्त जमीन मिलने से अब रनवे विस्तार में आ रही तकनीकी अड़चनें दूर हो गई हैं। साथ ही एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में अपग्रेड करने का काम भी तेजी से आगे बढ़ सकेगा और यहां बड़े विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगी, जिससे बिलासपुर की हवाई सेवाएं मजबूत होंगी और देश के प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

इस परियोजना से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

भूमि हस्तांतरण के दौरान भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा संपदा कार्यालय जबलपुर के प्रतिनिधि, एयरपोर्ट प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित