बिलासपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ में भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए हाल ही में बहाल की गई ट्रेनों को बिलासपुर रेलवे जोन ने एक बार फिर रद्द कर दिया है। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से नाराजगी भी बढ़ रही है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगड़ा सेक्शन में चौथी रेलवे लाइन को अकलतरा रेलवे स्टेशन से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य शनिवार से 18 अप्रैल तक चलेगा। इसके चलते बिलासपुर से रायगढ़ और गेवरा रोड, तथा कोरबा से रायपुर के बीच संचालित 10 लोकल और मेमू पैसेंजर ट्रेनों को इस अवधि में निरस्त किया गया है।

इस निर्णय से कुल 14 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। वहीं, गोंदिया-झारसुगड़ा-गोंदिया जेडी पैसेंजर ट्रेन को आंशिक रूप से चलाया जाएगा। इसके अलावा, कोरबा-रायपुर के बीच चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस को 11 से 18 अप्रैल तक कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा, जबकि बिलासपुर से रायपुर के बीच यह पूर्ववत एक्सप्रेस की तरह चलेगी।

गौरतलब है कि रेलवे प्रशासन ने एक दिन पहले ही इस कार्य को पुनर्निर्धारित करते हुए जानकारी दी थी कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले रद्द की गई ट्रेनों को दो दिनों के लिए बहाल किया गया है लेकिन इसके अगले ही दिन नया आदेश जारी कर 11 से 18 अप्रैल तक ट्रेनों को फिर से रद्द करने का निर्णय लिया गया।

इससे पहले यह कार्य तीन से 10 अप्रैल के बीच प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदलते हुए ट्रेनों को पुनः चालू कर दिया गया था। अब एक बार फिर बदलाव से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित