बिलासपुर , अप्रैल 15 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना कोनी थाना क्षेत्र की रिवर व्यू कॉलोनी की है, जहां छात्रा किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शुरुआती तौर पर पारिवारिक दबाव को वजह माना जा रहा है।

मृतका की पहचान रायगढ़ निवासी दृष्टि गुप्ता (20) के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह पिछले दो साल से बिलासपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसकी अपने परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह दोस्तों के साथ बाहर चली गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा रात भर दोस्तों के साथ रही और मंगलवार सुबह अपने कमरे पर लौटी। इसी दौरान उसके पिता से फिर बात हुई, जिसमें पढ़ाई को लेकर उसे डांट पड़ी। इसके बाद वह अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर आसपास की छात्राओं को शक हुआ और उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

घटना की सूचना मकान मालिक और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला तो छात्रा पंखे से फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आज पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित