बिलासपुर , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ के बिलासपुर में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के ठिकानों पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि करीब 10 से ज्यादा अधिकारियों की टीम ने एक साथ दबिश दी।

ईडी की टीम सदर बाजार स्थित उनके ज्वेलरी शोरूम "श्री राम ज्वेलर्स" और उनके घर पर जांच कर रही है। इस दौरान दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई करीब 2000 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। इस केस में विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल का नाम भी सामने आया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

जानकारी यह भी मिल रही है कि विकास अग्रवाल पर शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का करीबी होने और एक सिंडिकेट से जुड़े होने के आरोप हैं। यह भी कहा जा रहा है कि वह दुबई में छिपा हुआ है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित