बिलासपुर , मार्च 11 -- रेलवे की लगातार लेटलतीफी से बिलासपुर स्टेशन से आवागमन करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हो रही है।
हाल ही में पुणे से संतरागाछी जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस करीब 14 घंटे की देरी से बिलासपुर स्टेशन पहुंची। यह ट्रेन सुबह आने वाली थी लेकिन देर बीती रात लगभग 11 बजे के बाद स्टेशन पहुंच सकी। इसी तरह आजाद हिंद एक्सप्रेस और कलिंग उत्कल एक्सप्रेस भी पिछले कई महीनों से लगातार चार से पांच घंटे तक देरी से चल रही हैं। मंगलवार को पुरी जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब सात घंटे बाद रवाना हुई।
रेलवे द्वारा ट्रेनों की समयबद्धता सुधारने के लिए कई बार कुछ ट्रेनों को रद्द कर समय सारिणी ठीक करने की कोशिश की गई, लेकिन इसका खास असर नहीं पड़ा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, देश के कई रेल मंडलों में इस समय नई रेल लाइनों के विस्तार और निर्माण का कार्य चल रहा है। बिलासपुर से हावड़ा के बीच चौथी लाइन बिछाने का काम जारी है, वहीं झारसुगुड़ा से राउरकेला के बीच तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। इसके अलावा राउरकेला से रांची, हटिया और बोकारो रेलखंडों में भी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ा काम किया जा रहा है।
नई लाइनों को मौजूदा ट्रैक से जोड़ने और यार्ड के पुनर्विकास के चलते कई जगह ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया जा रहा है। इसी कारण ट्रेनें प्रभावित हो रही है और वे अपने तय समय से पीछे चल रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित