कोटा , मार्च 04 -- लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला राजस्थान में हाडौती संभाग के लिए महत्वपूर्ण कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास सात मार्च को करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि शिलान्यास शंभूपुरा स्थित न्यू ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट स्थल पर होगा। इसके साथ ही कोटा संभाग के लिए महत्वाकांक्षी नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भूमि पूजन भी किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री एवं कोटा जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, ऊर्जा मंत्री एवं बूंदी जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक दीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल होंगे।
कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का निर्माण 1507 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की क्षमता एक हजार यात्री होगी। इसमें 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला टर्मिनल का निर्माण किया जायेगा। इसमें 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार होगा।
सूत्रों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 1661.14 करोड की नोनेरा वृहद पेयजल परियोजना से कोटा एंव बूंदी जिलों के 749 गांवों एवं छह कस्बों के एक लाख 13 हजार 287 परिवारों को हर घर जल उपलब्ध करवाया जाएगा।
जल जीवन मिशन के तहत बारां, कोटा एवं झालावाड जिलों के 1402 गांवों एवं 276 ढाणियों के एक लाख 52 हजार 437 परिवारों को जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल उपलब्ध करवाने के लिए परवन अकावद वृहद पेयजल परियोजना में 3523.16 करोड रुपए की स्वीकृति जारी की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित