रांची , जनवरी 28 -- झारखंड के प्रतिष्ठित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा की यूनाइटेड इंजीनियर्स स्पीकिंग एंड क्विज़िंग ऑर्गनाइज़ेशन (यूनेस्को) द्वारा 23 से 25 जनवरी तक संस्थान स्तरीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन बिटमुन'26 का आयोजन किया गया।

सम्मेलन का शुभारंभ सीएटी हॉल में हुआ। इस आयोजन में "इनविज़न, एंगेज, एम्पावर" विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों ने राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय एवं कल्पनात्मक विषयों पर आधारित समितियों में सुव्यवस्थित वाद-विवाद और विचार-विमर्श में भाग लिया।

उद्घाटन सत्र की शुरुआत संस्थान प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर गणेश रेड्डी, सचिव, संयुक्त राष्ट्र वैश्विक समझौता नेटवर्क, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, डीन, छात्र कल्याण; डॉ. दिलीप कुमार उपाध्याय, एसोसिएट डीन, छात्र कल्याण; डॉ. गौतम शांडिल्य, एसोसिएट डीन, छात्र कल्याण; डॉ. प्रेम प्रकाश, संकाय सलाहकार, यूनेस्क्वो; तथा डॉ. विशाल एच. शाह, एसोसिएट प्रोफेसर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग, बीआईटी मेसरा उपस्थित थे|कार्यक्रम के दौरान एक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसके पश्चात प्रतिनिधियों और विभिन्न समितियों के अध्यक्षों के बीच खुला प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया। आर्यन राज, महासचिव, बिटमुन'26 ने अपने संबोधन में सपनों, संवाद और कूटनीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उद्घाटन सत्र का समापन किया तथा सम्मेलन के औपचारिक आरंभ की घोषणा की।

बिटमुन'26 के अंतर्गत कुल छह समितियों का आयोजन किया गया, जिनमें एआईपीपीएम, डब्ल्यूटओ, सोचुम, एचसीसी, आईपी, फैंटसी(हैरी पॉटर थीम) शामिल थीं।

इन समितियों में आयात-निर्यात शुल्क, पोखरण परमाणु परीक्षण, तथा छठी अनुसूची के कार्यान्वयन एवं उसकी समकालीन प्रासंगिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन और सार्थक चर्चा की गई।

सम्मेलन के समापन दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रीति केरकेट्टा, भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी, ने मुख्य अतिथि के रूप में की। पुरस्कार वितरण समारोह से पूर्व डॉ. विशाल एच. शाह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शैक्षणिक एवं नागरिक जीवन में सूचित संवाद और आलोचनात्मक चिंतन के महत्व पर बल दिया। अपने संबोधन में प्रीति केरकेट्टा ने विद्यार्थियों को उत्तरदायी नेतृत्व, धैर्य और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पुरस्कार एवं प्रमाणपत्रों के वितरण के साथ बिटमुन'26 का समापन हुआ। यह सम्मेलन नीति, शासन और वैश्विक विषयों पर संरचित वाद-विवाद, विचार-विमर्श और सक्रिय सहभागिता का एक सशक्त एवं प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित