नयी दिल्ली , फ़रवरी 13 -- लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में सरोजिनी नायडू की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
लोकसभा सचिवालय ने बताया कि श्री बिरला के अलावा राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, संसद सदस्यों, पूर्व सदस्यों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस अवसर पर श्रीमती नायडू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीमती नायडू, जिन्हें "भारत कोकिला" (नाइटिंगेल ऑफ इंडिया) के नाम से जाना जाता है, एक प्रतिभाशाली वक्ता, सुविख्यात कवयित्री और प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी थीं। उनका जन्म 13 फ़रवरी 1879 को हैदराबाद में हुआ था। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और वह महिलाओं की शिक्षा और सशक्तीकरण की प्रबल समर्थक थीं। उन्होंने दिल्ली में लेडी इरविन कॉलेज फॉर विमेन की स्थापना भी की। स्वतंत्रता के पश्चात श्रीमती नायडू ने संयुक्त प्रांत (वर्तमान उत्तर प्रदेश) की प्रथम महिला राज्यपाल के रूप में कार्य किया। उनका निधन 2 मार्च 1949 को हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित