चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 26 -- राजस्थान में शक्ति, भक्ति और शौर्य के प्रतीक चित्तौड़गढ़ की धरती शुक्रवार को एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब लोक-संस्कृति की लय पर हजारों कदम एक साथ थिरके और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में पारंपरिक घूमर नृत्य का विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।
शहर में चल रहे राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव के चौथे दिन आयोजित इस भव्य आयोजन में 15 हजार से अधिक मातृशक्ति ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति और प्रसिद्ध लोकगायिका सीमा मिश्रा की सुमधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के साथ राजस्थान की पारंपरिक वेशभूषा में अनुशासित, सजीव और सौंदर्यपूर्ण समन्वयन के साथ घूमर प्रस्तुत करके सांस्कृतिक चेतना को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
घूमर के तकनीकी और पारंपरिक पक्ष को सशक्त करते हुए 'घूमर किंग' के नाम से प्रसिद्ध अजित सिंह तंवर (अदा ग्रुप) ने नृत्य के विविध कदमों का मार्गदर्शन किया। इस आयोजन में पांच से लेकर 70 वर्ष तक की महिलाओं ने जोश, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई।
वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पवन सोलंकी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र आयोजकों को प्रदान किया । इससे पूर्व 11 हजार महिलाओं द्वारा एक साथ घूमर नृत्य की प्रस्तुति का विश्व कीर्तिमान था जो आज टूट गया।
कार्यक्रम में श्री बिरला ने कहा कि चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक भूमि पर आयोजित यह आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊँचाइयाँ देगा। उन्होंने इसे भारतीय परंपरा, नारी-सशक्तीकरण और लोक-संस्कृति का गौरवपूर्ण उत्सव बताया।
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री झाबरसिंह ख़र्रा ने आयोजन को भारतीय सभ्यता और संस्कृति की जड़ों को सुदृढ़ करने वाला बताया। सांसद सीपी जोशी ने जिले की मातृशक्ति का वंदन करते हुए सफल, अनुशासित और ऐतिहासिक आयोजन के लिए आयोजकों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने वर्चुअल माध्यम से साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इनडोर स्टेडियम का उद्घाटन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित