जयपुर , अप्रैल 11 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला रोटरी क्लब जयपुर एवं रोटरी सेल्फ-डिफेंस अकादमी की टीम द्वारा संचालित की गई। कार्यक्रम के दौरान बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के डायरेक्टर डॉ. संजय बियानी ने में कहा "डर से मुक्त होना ही जीवन है। आज के समय में आत्मरक्षा का ज्ञान हर छात्रा के लिए आवश्यक है। यह केवल शारीरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि मानसिक रूप से सशक्त बनने का माध्यम भी है।"इसके पश्चात रोटरी क्लब जयपुर की अध्यक्ष आरटीएन. डॉ. पल्लवी सिंघवी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, "यह समय ब्रेन, नॉलेज और अवेयरनेस का है। सभी छात्राएं भाग्यशाली हैं कि जिन्हें इस प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त हो रहा है। बढ़ते अपराधों मद्देनजर हर लड़की का सजग और सक्षम होना अत्यंत आवश्यक है।"कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने आत्मरक्षा के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि आत्मरक्षा का अर्थ केवल संघर्ष करना नहीं, बल्कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित बाहर निकालना होता है। उन्होंने मेंटल स्ट्रेंथ, सेल्फ-अवेयरनेस और सही समय पर निर्णय लेने के महत्व पर विशेष जोर दिया।
कार्यशाला के दौरान टीम ने विद्यार्थियों को लाइव डेमो के माध्यम से आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल सिखाए और उनका अभ्यास भी कराया, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता का स्तर बढ़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित