बड़वानी , दिसम्बर 18 -- मध्यप्रदेश के पश्चिम निमाड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बिजासन घाट में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा सांसद डॉक्टर सुमेर सिंह सोलंकी के पत्र पर संज्ञान लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने उनसे व्यक्तिगत मुलाकात कर इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए एक पत्र सौंपा था। पत्र में बताया गया था कि बड़वानी जिले के सेंधवा के समीप महाराष्ट्र सीमा में स्थित बिजासन घाट क्षेत्र दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुका है। मीडिया अध्ययनों के अनुसार वर्ष 2016 से 2025 के बीच मात्र एक किलोमीटर के दायरे में करीब 190 सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें सैकड़ों लोगों की जान गई और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। हाल ही में नवंबर 2025 में कंटेनर और पिक-अप वाहन की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत समेत तीन लोग घायल हुए थे, जिसके बाद लगभग 24 घंटे तक यातायात बाधित रहा।

डॉ सोलंकी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को बिजासन घाट क्षेत्र में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की है कि इंदौर से बिजासन घाट तक के राष्ट्रीय राजमार्ग-52 को तथा आगे महाराष्ट्र सीमा तक सड़क को सिक्स लेन में परिवर्तित किया जाएगा।

इस निर्णय से बिजासन घाट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा बढ़ने, यातायात सुगम होने और भविष्य में दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित