गाजीपुर , दिसम्बर 30 -- उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) और एक सहायक लाइनमैन को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एंटी करप्शन टीम वाराणसी के निरीक्षक द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, यह बड़ी कार्रवाई नारी पचदेवरा निवासी धर्मेंद्र यादव की शिकायत पर की गई। टीम ने नंदगंज विद्युत पावर हाउस पर तैनात अवर अभियंता इंद्रजीत कुमार और सहायक लाइनमैन प्रमोद यादव को रिश्वत लेते पकड़ा। यह गिरफ्तारी क्षेत्र के कुसुम्ही कला से की गई। एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किए गए अवर अभियंता और सहायक लाइनमैन को गाजीपुर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस को एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए लिखित पत्र भी दिया गया है।

थानाध्यक्ष नंदगंज अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि एंटी करप्शन टीम के दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर की कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित