श्रीगंगानगर , मार्च 31 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपपुर तहसील क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन बच्चे झुलस गए, जबकि सात ढाणियों में विद्युत उपकरण जल गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चक- 20 एलएम के पास एक खेत में विद्युत खंभे पर बिजली गिरी, जिससे करंट तारों के जरिए 500 मीटर दूर तक फैल गया और सात ढाणियों (मकानों) को अपनी चपेट में ले लिया। इस प्राकृतिक विपदा से एक ही परिवार के तीन मासूम-डेढ़ वर्ष का सन्नी, ढाई वर्ष का इशांत और 15 वर्ष की लक्ष्मी गंभीर रूप से झुलस गए।

सूत्रों ने बताया कि तीनों को घडसाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें बीकानेर भेज दिया गया। पूरे क्षेत्र में करंट फैलने से सातों ढाणियों में लगे पंखे, फ्रिज, प्रेस और अन्य बिजली के उपकरण खराब हो गए तथा घरों की बिजली फिटिंग भी पूरी तरह नष्ट हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित