तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 28 -- गर्मी के लौटते ही केरल में एक बार फिर बिजली की खपत बढ़ गयी है, जिससे राज्य की ऊर्जा ग्रिड पर भार बढ़ गया है और बिजली कटने की घटनाओं में इज़ाफ़ा हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में ऊर्जा की खपत में रिकॉर्ड इज़ाफ़ा हुआ है। ऐसा एयर कंडीशनर, पंखों और कूलर जैसे उपकरणों के बढ़े हुए इस्तेमाल के कारण हुआ है। नतीजतन, प्रशासन को शाम के वक्त कई बार बिजली काटने का सहारा लेना पड़ रहा है।

राज्य के कई इलाकों में करीब 30 मिनट तक बिजली काटे जाने की खबरें सामने आ रही हैं, विशेषकर शाम छह बजे से आधी रात तक। इस स्थिति के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में असल में बिजली कटौती (लोड शेडिंग) की नौबत आ गयी है।

अधिकारियों ने हालांकि लोड शेडिंग की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उनका कहना है कि यह 'लोड प्रबंधन' या 'अतिभार-संबंधी रुकावटें' हैं, जिनका उद्देश्य ग्रिड को स्थिर रखना है।

इस बीच, यह भी अंदेशा है कि प्रशासन इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करने जैसी कुछ गतिविधियों पर रोक लगा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित