सोनीपत , अप्रैल 07 -- हरियाणा में सोनीपत के सेक्टर-15 की बाहरी सड़क पर एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की बिजली करंट लगने से मौत हो गयी। घटना उस समय हुई जब एक धार्मिक आयोजन के लिए बनाये गये अस्थायी प्रवेश द्वार को हटाया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार दिनेश यादव नामक मजदूर टेंट का सामान हटाने के लिए इमारत पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।

घटना के बाद एक राहगीर ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए रोहतक रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गये, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित