भोपाल , जनवरी 13 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र अंतर्गत भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में ऐसे उपभोक्ताओं के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं, जो लंबे समय से अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। कंपनी ने इन बड़े बकायादारों के नाम, पते और बकाया राशि की जानकारी अपने पोर्टल पर उपलब्ध कराई है।

कंपनी के अनुसार बकायादारों की सूची को क्षेत्रवार आमजन एवं उपभोक्ता देख सकते हैं। इसके लिए कंपनी की वेबसाइट portal.mpcz.in के होम पेज पर "Consumer Arrears List" लिंक पर क्लिक करते ही वृत्त के आधार पर बकायादारों की पूरी सूची उपलब्ध हो जाती है। इसी लिंक को कंपनी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर भी साझा किया गया है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों की सूची प्रत्येक सोमवार को अद्यतन की जा रही है। जो उपभोक्ता अपनी बकाया राशि का भुगतान कर देते हैं, उनके नाम पोर्टल और सोशल मीडिया पर जारी सूची से स्वतः हटा दिए जाते हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें, ताकि उनका नाम बकायादारों की सूची में शामिल न हो और किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित