जगदलपुर , दिसंबर 13 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर के बास्तानार घाटी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार अर्टिगा कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में सात लोग घायल हुए हैं,जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल जगदलपुर (मेकाज) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जगदलपुर निवासी गजेंद्र नायक (47 वर्ष) अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ आर्टिका वाहन से दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। दोपहर के समय जब वाहन बास्तानार घाटी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में अर्टिगा चालक गजेंद्र नायक सहित वाहन में सवार आशा नायक (40 वर्ष), रीता नायक (65 वर्ष) और महेंद्र नायक (31 वर्ष) को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जगदलपुर स्थित मेकाज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने वार्ता को बताया कि अनुमान है कि हादसे का कारण तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में सावधानी ना बरतने के कारण यह दुर्घटना हुई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित