जालंधर , दिसंबर 20 -- बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम कार्य बल ने शनिवार को पंजाब के जालंधर जिले में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर भीख मांगने वाले 10 बच्चों को छुड़ाया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल भिक्षावृत्ति को खत्म करने के लिए चलाये जा रहे 'जीवनजोत प्रोजेक्ट' के तहत जिले में अलग-अलग जगहों पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि टीमों ने जालंधर शहर के बस स्टैंड समेत अलग-अलग चौराहों और जिले के अलग-अलग ब्लॉक में जांच की। उन्होंने बताया कि इस दौरान 10 बच्चों को छुड़ाया गया है, जिनमें छह लड़कियां और चार लड़के शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बचाये गये बच्चों की उम्र 6-14 साल के बीच है, जिनका सिविल हॉस्पिटल में मेडिकल चेकअप किया गया। मेडिकल चेकअप के बाद बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, जालंधर के सामने पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित